पांवटा साहिब में मासूम से दुष्कर्म मामले में बेटे के गुनाह में मां निकली मास्टरमाइंड, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में 10 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की वारदात में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी की मां को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और बच्ची के बयानों के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई अमल में लाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस स्टेशन के समीप चाय की रेहड़ी लगाने वाली आरोपी महिला ही इस पूरे मामले की मुख्य साजिशकर्ता बताई जा रही है। आरोप है कि महिला ने ही बच्ची को जबरदस्ती अपने बेटे लकी (जो हलवाई का काम करता है) की बाइक पर बैठाया था। इसके बाद आरोपी युवक बच्ची को वाई-पॉइंट के पास स्थित रामशरणम आश्रम जाने वाले मार्ग पर बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान की ओर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

घटना के दौरान बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी युवक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी लकी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता के तहत बयान दर्ज करवाए गए। बयानों में आरोपी की मां की प्रत्यक्ष संलिप्तता और साजिश उजागर होने के बाद पुलिस ने उसे भी तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी महिला ने पुलिस स्टेशन में काफी हंगामा और ड्रामा करने का प्रयास किया। हालांकि, जब महिला पुलिसकर्मियों और जांच अधिकारियों ने सख्ती दिखाई तो वह अपनी चालाकी छोड़कर रोने लग गई। एसपी ने बताया कि फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।