नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला स्थित पुलिस थाना रेणुका जी के तहत बसों की आवाजाही के दौरान मारपीट और धमकी देने की घटना सामने आई है। इस संबंध में पीड़ित बस संचालक द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता संजय कुमार (पुत्र लेख राज तोमर), निवासी गांव व डाकघर कोटीधीमान, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बीते कल को वह अपनी दीपू कोच बस (पंजीकरण संख्या HP71-1320) लेकर जा रहे थे। रास्ते में MRL बस के चालक रमेश ने उनकी बस को रोक लिया। इसके बाद आरोपी रमेश ने संजय कुमार को बस की अगली खिड़की से जबरन बाहर खींच लिया।

बस से बाहर खींचने के तुरंत बाद आरोपी रमेश, अनिल (निवासी जबड़ोग) और विशाल शुक्ला ने मिलकर संजय कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पीड़ित पर थप्पड़ और मुक्कों से हमला किया तथा उसे जान से मारने की धमकियां भी दीं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस थाना रेणुका जी में तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अभियोग (FIR) पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की आगामी तफ्तीश जारी रखी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।