नाहन : जिला सिरमौर में नशा माफिया के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई लगातार जारी है। पांवटा साहिब में सरकारी कर्मचारी की गिरफ्तारी के बाद अब नाहन डिटेक्शन सेल और संगड़ाह पुलिस की टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संगड़ाह बाजार क्षेत्र में जाल बिछाकर अंधेरी निवासी एक शातिर नशा तस्कर को 06.95 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी लंबे समय से क्षेत्र के युवाओं को नशा परोसने का काम कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल जिला मुख्यालय नाहन की डिटेक्शन सेल की पुलिस टीम जब संगड़ाह बाजार में गश्त पर तैनात थी, तो उन्हें एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली। सूचना के मुताबिक, गोविंद ठाकुर निवासी गांव व डाकघर अंधेरी (तहसील संगड़ाह) पिछले काफी समय से संगड़ाह, अंधेरी और आस-पास के ग्रामीण इलाकों में चिट्टा बेचने का अवैध धंधा चला रहा है। पुलिस को खबर मिली कि आरोपी आज भी संगड़ाह स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस (PWD Rest House) के पास ग्राहकों को चिट्टा सप्लाई करने की फिराक में खड़ा है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिना कोई वक्त गंवाए तुरंत रेस्ट हाउस के पास दबिश दी और संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर दबोच लिया। जब पुलिस ने मौके पर कानूनन उसकी तलाशी ली, तो उसके कब्जे से कुल 06.95 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। नशीला पदार्थ मिलते ही पुलिस ने खेप को सील कर आरोपी गोविंद ठाकुर को तुरंत हिरासत में ले लिया।
आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना संगड़ाह में नारकोटिक्स ड्रग्स और साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। आज आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 05 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से कड़ी पूछताछ करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशा कहां से लाया था और क्षेत्र में उसके मुख्य खरीदार कौन-कौन हैं। मामले में आगामी छानबीन जारी है।