सोलन: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आज बद्दी पुलिस और ड्रग विभाग की एक संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सालासर कॉम्प्लेक्स में छापेमारी कर नशीली गोलियों का एक विशाल जखीरा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस और ड्रग विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई में बरामद नशीली दवाओं की मात्रा चौंकाने वाली है। टीम ने मौके से कुल 2,23,084 प्रतिबंधित गोलियां जब्त की हैं, जिसमें Tramadol Hydrochloride: 1,61,920 गोलियां, Alprazolam (Atrox-0.5): 61,164 गोलियां शामिल हैं। इनके अलावा, मौके से भारी मात्रा में अन्य अवैध दवाइयां भी बरामद हुई हैं, जिनका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान शिव पूजन प्रजापति निवासी उत्तर प्रदेश, अनुराग शुक्ला निवासी कानपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है ।
प्रारम्भिक जांच में यह पाया गया कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस या परमिट के इन प्रतिबंधित दवाओं का अवैध भंडारण कर रहे थे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कहाँ सप्लाई की जानी थी और इस नेटवर्क के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं।
पुलिस अधीक्षक बद्दी ने कहा है कि नशे के इस काले कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा। सालासर कॉम्प्लेक्स में हुई इस रेड के बाद अन्य गोदामों और संदिग्ध ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है।