नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब के तहत माजरा क्षेत्र के गांव जोहड़ों में एक फैक्ट्री के लिए किराए पर ली गई भूमि को लेकर विवाद गहरा गया है। इस विवाद के दौरान एक युवक द्वारा उद्यमी के साथ मारपीट करने और उसे जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमरगढ़ निवासी अंशुल गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी जोहड़ों में ‘पोंटिका’ नाम से फैक्ट्री है। उन्होंने फैक्ट्री कार्य के लिए स्थानीय निवासी शेर सिंह से जमीन किराए पर ली है। सोमवार को जब इस भूमि पर फैक्ट्री के काम के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाले रतन लाल ने आपत्ति जताई कि गड्ढे के कारण उनके खेत की डोल गिर गई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह रतन लाल से इस विषय पर बातचीत कर रहे थे, तभी प्रमोद नामक युवक वहां आया और अचानक बहसबाजी करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि जब अंशुल गोयल वहां से निकलने लगे, तो प्रमोद ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ जड़ दिए। आरोप है कि युवक ने उद्यमी को जान से मारने की धमकी भी दी।
इस घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस थाना माजरा में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी प्रमोद के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की तफ्तीश की जा रही है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।