नाहन : राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में भी मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। आईपीएल के 14वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज कर अपनी जीत की लय को बरकरार रखा और अंक तालिका में 6 अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई। वहीं, मुंबई अब तक इस टूर्नामेंट में पहली जीत नहीं हासिल कर पाई और 10वें पायदान पर है।

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 125 रन ही बना सकी।

राजस्थान की जीत की नींव उसके गेंदबाजों ने रखी। युजवेंद्र चहल ने 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं ट्रेंट बोल्ट ने 4 ओवर में महज 22 रन खर्च किए और उनके खाते में भी 3 विकेट आए. बोल्ट ने मुंबई इंडियंस को शुरुआती झटके दिए। इसके बाद युजवेंद्र चहल ने मुंबई का मिडिल ऑर्डर तहस नहस कर दिया।

छोटे स्कोर का पीछा करने उतरी राजस्थान के लिए रियान पराग ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया। पराग ने 39 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए। उनके अलावा दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर 16 रन रहा जो कि अश्विन के बल्ले से निकले। रियान पराग ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 5 चौके और 3 छक्के लगाए। पराग के अब इस सीजन सबसे ज्यादा रन हो गए हैं और ऑरेंज कैप उनके सिर सज गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version