सोलन: जिला के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) किसानों के लिए शनिवार से नालागढ़ में ही गेहूं की खरीद आरम्भ हो गई है। कृषि उत्पाद समिति द्वारा संचालित अनाज मण्डी नालागढ़ में क्षेत्र के किसानों की गेहूं का क्रय आरम्भ हो गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जब 17 अप्रैल को बीबीएन क्षेत्र के दौरे पर आए थे तो उनके ध्यान में लाया गया था कि बीबीएन क्षेत्र के किसानों का गेहूं पंजाब स्थित मंडियों में नहीं खरीदा जा रहा है और इस कारण क्षेत्र के किसानों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने किसानों की गम्भीर समस्या के दृष्टिगत कृषि विभाग को इसके त्वरित एवं समयबद्ध निदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीबीएन क्षेत्र में किसानों से गेहूं खरीद की समस्या का शीघ्र हल किया जाए ताकि किसानों को अपनी उपज विक्रय करने के लिए यहां-वहां भटकना न पड़े।  भारतीय खाद्य निगम ने सर्वेक्षण कर नालागढ़ स्थित अनाज मण्डी को गेहूं की खरीद के लिए उपयुक्त माना था।

प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने बीबीएन क्षेत्र के किसानों की समस्या का त्वरित हल करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सदैव समाज के सभी वर्गों हित के लिए प्रयत्नशील हैं और उनके प्रयासों से नित नवीन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के सभी वर्गों का कल्याण सुनिश्चित बनाया जा रहा है।

इस संबंध में अधिक जानकारी प्रदान करते हुए एपीएमसी सोलन के सचिव डॉ. रविन्द्र शर्मा ने कहा कि शनिवार से नालागढ़ स्थित अनाज मण्डी में बीबीएन के किसानोे से गेहूं की खरीद आरम्भ हो गई है। उन्होंने कहा कि यहां गेहूं की खरीद के लिए किसानों को पहले अपना पंजीकरण करवाना होगा। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के लिए किसानों को अपनी कृषि भूमि की जमाबंदी, आधार कार्ड की प्रति, किसान बुक की प्रति, बैंक खाते की प्रति साथ रखनी है।

सचिव ने कहा कि पंजीकरण के उपरान्त किसानों को दूरभाष के माध्यम से विक्रय के लिए गेहूं लाने के संबंध में सूचित किया जाएगा। यहां एक दिन में 800 क्विंटल गेहूं की खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह केंद्र रविवार को भी कार्यरत रहेगा। भारतीय खाद्य निगम यहां किसानों से गेहूं की खरीद 1975 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर कर रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version