मोगीनंद में ढाबे की आड़ में चल रहा था ‘जाम’ का धंधा, पुलिस की रेड से मचा हड़कंप!

नाहन : थाना कालाआंब पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोगीनंद स्थित एक ढाबे पर छापेमारी कर अवैध देशी शराब की खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, रविवार 10 मई को पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि मोगीनंद में विनोद कुमार (पुत्र लाल सिंह, निवासी गांव निमवाली सलानी) अपने ढाबे की आड़ में अवैध रूप से शराब बेचने का धंधा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए स्थान पर दबिश दी।

पुलिस ने जब ढाबे की नियमानुसार तलाशी ली, तो वहां एक प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखी गई 8 बोतलें देशी शराब (मार्का माल्टा, 750 ML) बरामद हुईं। गौर करने वाली बात यह है कि इन बोतलों पर “Sale in Haryana” लिखा हुआ था, जिससे यह साफ है कि शराब को दूसरे राज्य से लाकर यहां अवैध रूप से बेचा जा रहा था।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी ढाबा संचालक के खिलाफ थाना कालाआंब में HP Excise Act की धारा 39(1)a के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह शराब कहां से लाता था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।