नाहन : IPL 2024 के 11वें मुकाबले में शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना पंजाब किंग्स से हो रहा है। अपना डेब्यू मैच खेल रहे मयंक यादव ने अपनी रफ्तार से सभी को चौंका दिया। 12वें ओवर की चौथी गेंद पर मयंक ने जॉनी बेयरस्टो को पवेलियन भेजा। अपने पहले ही ओवर में मयंक की रफ्तार का कहर देखने को मिला। ओवर की पहली गेंद उन्होंने 155.8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से की। यह आईपीएल 2024 में अब तक फेंकी गई सबसे तेज गेंद हैं।

इसके अलावा मयंक यादव IPL में 155 से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले उमरान मलिक ने 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद की थी। मयंक ने इसके बाद अपनी तेज गेंद से प्रभसिमरन सिंह जितेश शर्मा को आउट किया और अपने शानदार स्पैल में 27 रन देकर 3 विकेट लिए।

दाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाले और दाएं हाथ से मध्यम गति से गेंदबाजी करने वाले मयंक, घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। मयंक प्रभु यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2023 के ऑक्शन में उनके बेस प्राइस यानी 20 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि उन्हें पिछले सीजन डेब्यू का मौका नहीं मिला था, लेकिन 2024 सीजन की शुरुआत में ही उन्हें आईपीएल डेब्यू करने का अवसर मिला है।

मयंक यादव ने अभी तक अपने टी20 करियर में 10 मैच खेलते हुए 12 विकेट चटकाए हैं। वहीं अपने लिस्ट-ए करियर में मयंक ने 17 मैचों में 34 विकेट लिए हैं। उन्होंने सय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023-2024 के सेमीफाइनल में दिल्ली के लिए खेलते हुए पंजाब के खिलाफ मैच में 2 अहम विकेट भी लिए थे, लेकिन टीम को फाइनल तक नहीं पहुंचा पाए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version