नाहन : राजगढ़ के सरकारी अस्पताल में कल उस समय सनसनी फैल गई जब वहां के शौचालय में एक साढ़े पांच महीने का भ्रूण बरामद हुआ। शुरू में यह मामला केवल एक लावारिस भ्रूण का लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने कड़ियां जोड़नी शुरू कीं, तो इसके पीछे नाबालिग से हुई दरिंदगी की एक बेहद दर्दनाक कहानी सामने आई।
दरअसल, एक करीब नाबालिक पेट दर्द होने के कारन अस्पताल पहुंची थी। इलाज के इंतजार के दौरान वह शौचालय गई, जहां उसका गर्भपात हो गया। घबराहट और डर के मारे वह बिना किसी को कुछ बताए अस्पताल से गायब हो गई। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब CCTV फुटेज खंगाले, तो किशोरी की पहचान हुई। पुलिस ने बिना समय गंवाए उसे ट्रैक किया और जब उससे पूछताछ हुई, तो जो सच सामने आया उसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। लोक-लाज के डर से उसने यह बात सबसे छिपाए रखी, लेकिन इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। अस्पताल में अचानक हुई इस घटना ने उस छिपे हुए राज को सबके सामने ला दिया।
DSP राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने हिल्स पोस्ट मीडिया से बात करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए उसकी गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगा।