नाहन : शहर के कुछ मुख्य हिस्सों में कल यानी 24 अप्रैल को बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग द्वारा लाइनों के रखरखाव और सिस्टम को अपग्रेड करने के चलते यह कट लगाया जा रहा है। बिजली विभाग के एसडीओ संतोष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्य सुचारू बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है।
इस तकनीकी कार्य के चलते कल सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप्प रहेगी। इस कट से मुख्य रूप से मोहल्ला गोविंदगढ़, एमसी कॉलोनी, नया बाजार और दिल्ली गेट के आसपास का पूरा क्षेत्र प्रभावित होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा हो जाता है, तो आपूर्ति जल्द बहाल कर दी जाएगी, अन्यथा यह कट कार्य समाप्ति तक जारी रह सकता है।

विशेष रूप से मोहल्ला गोविंदगढ़ और एमसी कॉलोनी के समीप लगे ट्रांसफार्मर (DTR) की क्षमता को 250 केवीए से बढ़ाकर 400 केवीए करने का कार्य किया जाना है, ताकि भविष्य में वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या से निपटा जा सके।
एसडीओ ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से इस अवधि के दौरान सहयोग की अपील की है ताकि विभाग बिना किसी बाधा के मरम्मत और अपग्रेडेशन का कार्य संपन्न कर सके।