राजगढ़ में गाड़ी से 3.55 ग्राम चिट्टा बरामद, चालक गिरफ्तार

नाहन : सिरमौर में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजगढ़ पुलिस की ‘डिटेक्शन सेल’ टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 3.55 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) की खेप के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, कल जब डिटेक्शन सेल राजगढ़ की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी उन्हें पुख्ता गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या HP 09B 2950 में चिट्टा/हेरोइन की खेप ले जाई जा रही है।

सूचना के मुताबिक, गाड़ी चालक कमल (निवासी गांव पड़गैया, डाकघर चनैर, तहसील ठियोग, जिला शिमला) गिरीपुल से नेरीपुल की तरफ आ रहा था और उसके पास नशीला पदार्थ होने की पूरी संभावना थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए नाकेबंदी कर उक्त वाहन को रोका और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 3.55 ग्राम मादक पदार्थ (चिट्टा) बरामद किया गया।

एसपी निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी कमल के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगामी जांच व पूछताछ जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।