नाहन : नशे और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजगढ़ पुलिस की ‘डिटेक्शन सेल’ टीम को एक और सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने नेरीपुल के समीप नाकेबंदी के दौरान एक ट्रक से 3.17 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद कर शिमला जिले के दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बीते कल डिटेक्शन सेल राजगढ़ की पुलिस टीम इलाके में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि ट्रक (HP 63 D 2548), जिसे ठियोग का रहने वाला कपिल चला रहा है, उसमें अपने साथी सचिन के साथ गिरि पुल से शिलाबाग की ओर आ रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि दोनों ट्रक में संयुक्त रूप से चिट्टे (हेरोइन) की खेप लेकर आ रहे हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते ही नेरीपुल के समीप नाकाबंदी कर उक्त ट्रक को जांच के लिए रोका। गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों से जब पूछताछ की गई तो ड्राइवर सीट पर बैठे युवक ने अपनी पहचान कपिल निवासी गांव कलाहर, डाकघर क्यार, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में बताई। वहीं कंडक्टर सीट पर बैठे युवक ने अपना नाम सचिन निवासी गांव व डाकघर क्यार, तहसील ठियोग, जिला शिमला बताया।
संदेह के आधार पर पुलिस ने जब ट्रक और दोनों युवकों की तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 3.17 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को तुरंत मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाए थे और इसे किसे सप्लाई करने जा रहे थे। मामले में आगामी जांच जारी है।