सोलन: एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, सोलन के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। इस कार्यक्रम का आयोजन बिलासपुर में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई), नई दिल्ली और हिमाचल प्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से मुकाबला रखी गई थी।

कार्यक्रम के तहत आयोजित साई-टून (SCI-TOON) प्रतियोगिता में एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के छात्र हर्षित और हिमांशु ने तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। दोनों छात्रों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जैसे गंभीर और महत्वपूर्ण विषय को बेहद प्रभावशाली ढंग से दर्शकों व निर्णायकों के सामने रखा। इस आयोजन में प्रदेश भर के विभिन्न फार्मेसी संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग, क्विज, लीफलेट मेकिंग, साई-टून, रील और नुक्कड़ नाटक जैसी विविध प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संस्थान की प्रबंध निदेशक डॉ. शची सिंह, निदेशक (अकादमिक) प्रो. पी.पी. शर्मा और प्राचार्य प्रो. अवनीत गुप्ता ने विजेता छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्थान के सभी शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने भी विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और सफलता पर खुशी जताई है।