सोलन: वाकनाघाट स्थित जेपी यूनिवर्सिटी में आयोजित भारत के पहले पहाड़ी रियलिटी शो ‘हिमालयन गॉट रॉक टैलेंट’ का ग्रैंड फिनाले शानदार रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हो गया है। 14 से 16 नवंबर तक चले इस तीन दिवसीय आयोजन में नेपाल, तिब्बत, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू जैसे विभिन्न पहाड़ी क्षेत्रों से आए कलाकारों ने गायन और नृत्य के जरिए अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में लाहौल की रहने वाली पल्लवी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर शो की ‘ओवरऑल विजेता’ बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, डांस कैटेगरी में नेपाल के रूपेश को ओवरऑल विजेता चुना गया। गायन वर्ग की बात करें तो निकिता ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि शिवम और राहुल संयुक्त रूप से रनरअप रहे। डांस प्रतियोगिता की अलग-अलग श्रेणियों में भी शानदार मुकाबला देखने को मिला। सब-जूनियर कैटेगरी में रैना ने पहला स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में एंजेल रांटा प्रथम और निष्ठा चौहान दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि सीनियर कैटेगरी का खिताब एंजेल चौहान ने अपने नाम किया।
शो के संस्थापक डॉ. नरेश कुमार कौंडल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य मकसद हिमालयी क्षेत्रों की लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी पहचान दिलाना है। इस कार्यक्रम के अलग-अलग चरणों में कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। डांसिंग राउंड में हिमाचल के ‘नाटी किंग’ कुलदीप शर्मा मुख्य अतिथि और सेलिब्रिटी गेस्ट के तौर पर शामिल हुए, जबकि ग्रैंड फिनाले में राजीव राणा ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का उद्घाटन जेपी यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. आर.के. शर्मा की मौजूदगी में हुआ और सेमीफाइनल में ग्रीन हिल्स इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन कृपाल सिंह पसरीचा विशेष रूप से मौजूद रहे।
प्रतिभागियों की कला को परखने के लिए गायन में ‘राइजिंग स्टार’ फेम डॉ. आशीष चौहान और अमित अलबेला ने निर्णायक की जिम्मेदारी निभाई, जबकि इंदरजीत सिंह गेस्ट जज रहे। डांस प्रतियोगिता में डायमंड मुरी, सिम्मी शांडिल्य, पंकज कुमार और विक्रमजीत सिंह ने जज की भूमिका निभाई।
इस खास मौके पर कला और संस्कृति को बढ़ावा देने वाले कई लोगों को सम्मानित भी किया गया। डॉ. सुशील, नगीन बंसल, नेहा चौहान, मीरा ठाकुर और निशिता शर्मा को बेस्ट इन्फ्लुएंसर्स अवार्ड दिया गया। इसके अलावा मुख्य अतिथि राजीव राणा ने आंचल कल्टा, इशिता पुंडीर, किरण नेगी, अंकिता ठाकुर, राहुल कॉमेडियन और राहुल कोरियोग्राफर को बेस्ट इन्फ्लुएंसर्स एवं मोटिवेटर्स अवार्ड से नवाजा। इसी मंच पर पंकज को ‘हिमाचल आइकन अवार्ड’ से भी सम्मानित किया गया। इस तीन दिवसीय आयोजन ने यह साबित कर दिया है कि हिमालयी क्षेत्रों की युवा प्रतिभाओं में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की अपार क्षमता है।