मंडी: अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 का आगाज हो गया है। मंडी जनपद के आराध्य और बारिश के देवता कहे जाने वाले बड़ा देव कमरूनाग शनिवार को मंडी पहुंच गए हैं। उनके आगमन के साथ ही छोटी काशी मंडी का माहौल शिवमय हो गया है। राज माधोराय मंदिर में उपायुक्त एवं मेला कमेटी के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने उनका विधिवत स्वागत किया और पूजा-अर्चना की।

देवता के आगमन पर सबसे भावुक और भव्य पल वह रहा जब बड़ा देव कमरूनाग का राज माधोराय (भगवान कृष्ण के रूप) के साथ मिलन हुआ। मान्यताओं के अनुसार, कमरूनाग के आने के बाद ही शिवरात्रि महोत्सव के पारंपरिक कार्य शुरू होते हैं। अब अगले सात दिनों तक बड़ा देव कमरूनाग टारना माता मंदिर में विराजमान रहेंगे, जहां भक्त उनके दर्शन कर आशीर्वाद ले सकेंगे।
216 देवी-देवताओं को न्योता, 16 से मुख्य मेला
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि इस बार अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 16 फरवरी से 22 फरवरी तक धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रशासन ने इस महाकुंभ के लिए मंडी जनपद के 216 देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजा है, जिनका आगमन शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने श्रद्धालुओं और देवताओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
पुलघराट में हुआ पारंपरिक स्वागत
इससे पहले, जब बड़ा देव कमरूनाग मंडी की सीमा में दाखिल हुए, तो स्वागत समिति ने पुलघराट में उनका पारंपरिक वाद्य यंत्रों और रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। इस मौके पर सर्व देवता समिति के प्रधान शिव पाल शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी हरीश कुमार और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने सभी लोगों से अपील की है कि वे इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करें।