सिरमौर का एचपी स्टेट कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, 3 स्वर्ण सहित 13 पदक जीते

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के चंबाघाट स्थित शेड्स लॉ कॉलेज में 19 सितंबर 2026 को WSKF द्वारा ‘एचपी स्टेट कराटे चैंपियनशिप’ का सफल आयोजन किया गया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर, सोलन, शिमला और किन्नौर जिलों के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में जिला सिरमौर के नाहन स्थित ‘माउंटेन मार्शल आर्ट्स डोजो’ के 13 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने कुमिते स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 13 पदक (3 स्वर्ण, 4 रजत और 6 कांस्य) अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर जिला सिरमौर ने प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर उपविजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में मिरांश यादव, दिव्यांश शर्मा और श्रेसी शर्मा शामिल रहे, जबकि इशानी ठाकुर, मान्या, जान्या और अराध्य शर्मा ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। वहीं माहित गर्ग, वरदान शर्मा, अद्वित ठाकुर, वैभव शर्मा, वैभव ठाकुर और अर्पण शर्मा ने कांस्य पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सोलन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमेश शर्मा ने विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। एएसपी ने अभिभावकों की भी सराहना की कि उन्होंने अपने बच्चों के लिए कराटे जैसे अनुशासित खेल को चुना और उन्हें लगातार प्रोत्साहित किया।

इस मौके पर एएसपी रमेश शर्मा और उत्तर भारत के मुख्य प्रशिक्षक शिहान इकबाल मलिक ने नाहन डोजो के मुख्य प्रशिक्षक सेंसेई प्रवीण कुमार को सम्मानित किया और उनके प्रशिक्षण की सराहना की। सेंसेई प्रवीण कुमार ने प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका भी निभाई। उन्होंने बताया कि अब ये खिलाड़ी अक्टूबर 2026 में चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली ‘उत्तर भारत कराटे चैंपियनशिप’ में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।