हरिपुरधार के विद्यार्थियों का बाल विज्ञान कांग्रेस में डंका, विभिन्न श्रेणियों में जीते पुरस्कार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : मां भगवती पब्लिक स्कूल हरिपुरधार के विद्यार्थियों ने उपमंडल स्तरीय (संगड़ाह) बाल विज्ञान कांग्रेस (Children Science Congress 2026) में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्कूल व पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विज्ञान कांग्रेस के परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें खोजने और सही मार्गदर्शन देकर तराशने की आवश्यकता है। विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता से स्कूल प्रबंधन, अध्यापकों और अभिभावकों में भारी उत्साह व खुशी का माहौल है।

इस उपमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में स्कूल के बच्चों ने विभिन्न श्रेणियों में भाग लेकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया। साइंस क्विज (सीनियर वर्ग) में अक्षिता राणा और समीक्षा की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला (1st) स्थान हासिल किया, जबकि मैथमेटिक्स ओलंपियाड (सीनियर) में हंसिका ठाकुर ने दूसरा (2nd) स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही एक्टिविटी कॉर्नर (जूनियर वर्ग) में कृतिका ठाकुर ने पहला (1st) स्थान झटका, मैथमेटिक्स ओलंपियाड (जूनियर) में अक्षित ठाकुर ने दूसरा (2nd) स्थान पाया तथा साइंस क्विज (जूनियर वर्ग) में माधवी शर्मा और सोनाक्षी चौहान की टीम ने चौथा (4th) स्थान हासिल किया।

गौरतलब है कि हाल ही में आयोजित अंडर-14 (U-14) खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी इस स्कूल के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा बनाए रखा था और योग तथा शतरंज (Chess) जैसी प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया था।

स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस लगातार सफलता का श्रेय बच्चों और उनके शिक्षकों की अनुशासित एवं ईमानदार मेहनत के साथ-साथ अभिभावकों के निरंतर सहयोग को दिया है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता विद्यार्थियों और उनके मेंटॉर राकेश ठाकुर को इस उपलब्धि पर बधाई दी गई तथा आगामी जिला स्तरीय बाल विज्ञान प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।