नाहन: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गांव गुड्डी मानपुर की होनहार एथलीट निकिता शर्मा ने एक बार फिर अपनी शानदार प्रतिभा का लोहा मनवाया है। निकिता ने लाहौल -स्पीति में आयोजित ‘सूर्या स्पीति चैलेंज मैराथन 2026’ में 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन (महिला ) स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक और ₹80,000 की नकद पुरस्कार राशि अपने नाम की है।
कम ऑक्सीजन और विषम परिस्थितियों में भी जमाया कब्जा
स्पीति क्षेत्र में यह मैराथन लगभग 15,000 फीट की अत्यधिक ऊंचाई पर आयोजित हुई, जहाँ ऑक्सीजन का स्तर सामान्य इलाकों की तुलना में काफी कम रहता है। ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद निकिता ने अपनी अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन करते हुए 21 किलोमीटर की कठिन दूरी मात्र 1 घंटे 39 मिनट में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया।

राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज करा चुकी हैं कई पदक
यह निकिता का पहला बड़ा कारनामा नहीं है। इससे पहले ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में उन्होंने 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था। इसके अलावा रांची (झारखंड) में आयोजित ओपन नेशनल एथलेटिक मीट 2025 में भी निकिता ने 1500 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। निकिता अब तक सीनियर नेशनल प्रतियोगिताओं सहित राष्ट्रीय स्तर पर लगभग एक दर्जन मेडल जीत चुकी हैं।
कोच और सहयोगियों का जताया आभार
निकिता की इस ऐतिहासिक सफलता पर उनके पिता फकीर चंद शर्मा ने गहरा गर्व व्यक्त किया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय निकिता के कोच राकेश चौधरी की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन को दिया। पिता ने नाहन के एथलीट सुनील शर्मा और उनकी संस्था का भी विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने निकिता की ट्रेनिंग के लिए उच्च गुणवत्ता वाले रनिंग शूज सहित समय-समय पर महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की।
पूरे जिले में खुशी की लहर
निकिता की इस शानदार जीत से पूरे सिरमौर जिले और गुड्डी मानपुर गांव में जश्न का माहौल है। परिजनों व क्षेत्रवासियों को पूर्ण विश्वास है कि निकिता की लगन, कड़ी मेहनत और निरंतर निखरती प्रतिभा के दम पर वह जल्द ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश का नाम रोशन करेगी।