नाहन : सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के अंतर्गत उपमंडल शिलाई की ग्राम पंचायत बाम्बल के कांडोलाणी गांव का 24 वर्षीय युवक राजेंद्र (उर्फ आशु) बीते 12 सितंबर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राजेंद्र को अंतिम बार पांवटा साहिब में देखा गया था, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिजनों ने बताया कि लापता होने के दौरान राजेंद्र के पास अपना मोबाइल फोन नहीं था। 12 सितंबर को उसने किसी अज्ञात व्यक्ति के फोन का उपयोग कर अपने भाई से बात की थी। फोन पर बातचीत के दौरान राजेंद्र काफी तनाव में लग रहा था। उसने अपने भाई से कहा कि वह मानसिक रूप से बहुत परेशान है और कोई भी कठोर कदम उठा सकता है। इस कॉल के तुरंत बाद से उसका संपर्क पूरी तरह कट गया।

घटना के बाद से ही परिजन पांवटा साहिब और आसपास के इलाकों में उसकी लगातार खोजबीन कर रहे हैं। युवक के पिता अतर सिंह और उनके साथी नितेश ने मीडिया व जनसाधारण के माध्यम से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को राजेंद्र (आशु) के बारे में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो तुरंत परिजनों को सूचित करें। संपर्क करने के लिए मोबाइल नंबर: 98057-72875, 98055-31444 पर संपर्क करें।
परिजनों ने आम जनता से आग्रह किया है कि इस कठिन समय में सहयोग करें और युवक का पता लगाने में मदद के लिए इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करें।