नाहन : हिमाचल के सिरमौर जिले की ग्राम पंचायत देवामानल से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां एक दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। यहाँ खड्ड के गहरे पानी में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, 8 वर्षीय आयन और उसका बड़ा भाई 9 वर्षीय अभिनव खड्ड के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान तंग रास्ते से पैर फिसलने के कारण छोटा भाई आयन सीधे पानी में जा गिरा। उसे डूबता देख बड़े भाई अभिनव ने बहादुरी दिखाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अफसोस कि पानी गहरा होने के कारण दोनों ही उसकी चपेट में आ गए।

हादसे का पता चलते ही जब तक बच्चों का पिता मौके पर पहुंचा, तब तक दोनों बच्चे पानी में बेसुध तैर रहे थे। आनन-फानन में उन्हें 108 एम्बुलेंस के माध्यम से नौहराधार अस्पताल ले जाया गया, परंतु चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। तहसीलदार नौहराधार ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन की ओर से 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि देने की घोषणा की है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। बच्चों के शवों का राजगढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन इस दुखद घड़ी में परिवार के साथ है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
एक साथ दो चिरागों के बुझ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हादसे ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और हर ग्रामीण की आंख नम है।