नाहन :श्री रेणुका जी मेले से घर लौटते समय ददाहू बस स्टैंड पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सीट लेने की होड़ और बस चालक की कथित लापरवाही के कारण एक यात्री एचआरटीसी बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस थाना रेणुका जी में दर्ज शिकायत के अनुसार, तहसील संगड़ाह के अंतर्गत गांव लुधियाणा डाकघर अंधेरी निवासी राम लाल पुत्र बलदेव सिंह 24 नवम्बर को रेणुका जी मेला देखने आए थे। शाम करीब 7:15 बजे जब नाहन-अंधेरी रूट की एचआरटीसी बस (नंबर HP71A-9368) ददाहू बस स्टैंड पर पहुंची, तो वहां खड़ी सवारियां सीट रोकने के लिए बस की ओर दौड़ पड़ीं। राम लाल भी सीट लेने के लिए बस की तरफ बढ़ रहे थे।

आरोप है कि बस चालक राजेश ने स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखने के बावजूद बस को पूरी तरह नहीं रोका और धीमी गति से आगे बढ़ाता रहा। इसी बीच भीड़ की धक्का-मुक्की में राम लाल संतुलन खोकर नीचे गिर गए और चलती बस का कंडक्टर साइड का अगला टायर उनकी बाईं टांग के ऊपर से गुजर गया। इस हादसे में उनकी बाईं टांग में काफी गहरी चोट आई है। घायल राम लाल ने 25 नवम्बर को पुलिस थाना रेणुका जी पहुंचकर इस संबंध में अपनी शिकायत दर्ज करवाई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की आगामी तफ्तीश जारी है।