नाहन : दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले सिरमौर जिला मुख्यालय और पांवटा साहिब क्षेत्र में विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा और कड़ा एक्शन लिया है। स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई करते हुए वन विभाग की भगानी रेंज के रेंज ऑफिसर को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रेंजर की पहचान सुमन्त कुमार (पुत्र जी राम, निवासी हरिओम कॉलोनी) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में भगानी रेंज में तैनात था। भगानी क्षेत्र के ही रहने वाले शिकायतकर्ता इकराम ने विजिलेंस अधिकारियों के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी रेंजर उसे लंबे समय से बेवजह परेशान कर रहा था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, यमुना नदी क्षेत्र या खनन गतिविधियों से जुड़े मामलों में उसके ट्रैक्टरों के चालान न काटने की एवज में आरोपी रेंजर द्वारा 10,000 रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की जा रही थी। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी पूरी रिकॉर्डिंग और तथ्य विजिलेंस टीम को सौंप दिए थे।
शिकायत मिलने के बाद स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की सिरमौर यूनिट पूरी तरह से एक्टिव हो गई। योजना के मुताबिक, आरोपी रेंजर सुमन्त कुमार ने शिकायतकर्ता को पैसे देने के लिए चुंगी नंबर 6 पर बुलाया था। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तयशुदा रकम आरोपी को सौंपी, पहले से ही जाल बिछाकर बैठी विजिलेंस की विशेष ट्रैप टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों धर दबोचा।
डीएसपी विजिलेंस रमाकांत ठाकुर ने इस पूरे घटनाक्रम और गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की है। विजिलेंस ने आरोपी फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फिलहाल मौके व कार्यालय स्तर पर आगामी गहन छानबीन जारी है।