नाहन : जिला सिरमौर पुलिस के ‘पी.ओ. सेल’ (Proclaimed Offender Cell) ने भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने वर्ष 2017 से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को परवाणू से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान छुपाकर गिरफ्तारी से बच रहा था।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राकेश कुमार उर्फ रॉकी पुत्र राम गोपाल, निवासी गांव भवाना, तहसील कालका (जिला पंचकूला, हरियाणा) के रूप में हुई है। राकेश कुमार के खिलाफ वर्ष 2017 में थाना पच्छाद में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया था ।

मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। बार-बार समन जारी होने के बावजूद अदालत में पेश न होने के कारण माननीय न्यायालय ने उसे ‘उद्घोषित अपराधी’ (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया था।
पी.ओ. सेल नाहन की टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी परवाणू क्षेत्र में देखा गया है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 मई को जाल बिछाया और आरोपी को सफलतापूर्वक दबोच लिया। आरोपी को अब आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
सिरमौर पुलिस के अनुसार, जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पी.ओ. सेल लगातार सक्रिय है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून की नजरों से बचकर भाग रहे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा।