सिरमौर पुलिस पेंशनर्स की बैठक संपन्न: कैशलेस इलाज और भत्तों के लिए खोला मोर्चा

नाहन : पुलिस पेंशनर्स कल्याण संगठन जिला सिरमौर की त्रैमासिक बैठक आज धौलाकुआं स्थित छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी के पुलिस लाइन सभागार में संपन्न हुई। संगठन के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कुल 31 सेवानिवृत्त सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान सदस्यों ने सरकार के प्रति गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि 30 मार्च 2026 को शिमला में हुए प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने 8-10 दिनों के भीतर मांगों को हल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

संगठन ने सरकार के समक्ष अपनी मांगों को प्रमुखता से रखते हुए आग्रह किया है कि सभी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा सुनिश्चित की जाए। साथ ही, 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर मिलने वाली क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत की पेंशन बढ़ोतरी को मूल पेंशन में जोड़ने की मांग की गई है। पेंशनर्स ने छठे वेतन आयोग के वित्तीय लाभों और महंगाई भत्ते की तमाम किस्तों का एकमुश्त भुगतान करने तथा महंगाई भत्ते में हुई 1 प्रतिशत की विसंगति को जल्द दूर करने पर जोर दिया है।

पेंशनर्स ने पुलिस विभाग के प्रति भी कुछ विशेष मांगें रखी हैं। उन्होंने याद दिलाया कि नवंबर 2024 में पुलिस महानिदेशक ने नाहन प्रवास के दौरान पेंशनर्स की मृत्यु पर उनके परिजनों को केंद्रीय कल्याण भंडार से राहत देने का आश्वासन दिया था, जिस पर अभी तक कोई अमल नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त, संगठन ने दूर-दराज के क्षेत्रों के लिए मोबाइल कैंटीन की व्यवस्था करने, मेडिकल बिलों के भुगतान हेतु अतिरिक्त बजट का प्रावधान करने और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को हिमकेयर योजना का लाभ देने का भी अनुरोध किया है।

बैठक के अंत में आगामी हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय पुलिस पेंशनर्स कल्याण संघ के चुनावों की रूपरेखा भी तैयार की गई। इस चुनाव सभा में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करने के लिए अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश चंद चौधरी, जीत सिंह चौहान, संतराम सैमुअल, रूपिंदर कुमार पासी, मोहन सिंह सैनी, संजय कुमार शर्मा, नवीन चंद कोठारी, मंजीत सिंह और बलबीर सिंह जस्टा को नामित किया गया है। उपस्थित सभी सेवानिवृत्त कर्मियों ने सरकार से पेंशनर्स के प्रति उदासीन रवैया छोड़कर लंबित लाभों का शीघ्र भुगतान करने की कड़ी चेतावनी दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।