नाहन : समाज में खुशी मनाने के तरीके अक्सर भव्य पार्टियों तक सीमित रहते हैं, लेकिन कुछ लोग अपनी खुशियों को दूसरों की मदद कर यादगार बना देते हैं। ऐसा ही एक सराहनीय कार्य थाना कसोगा में तैनात पटवारी हितेश ठाकुर द्वारा किया गया है। हितेश ठाकुर ने अपने बेटे के पहले जन्मदिन के उपलक्ष्य पर राजकीय माध्यमिक पाठशाला भांभी भनोत के सभी छात्रों को रजिस्टर वितरित कर एक अनूठी पहल की है।
हितेश ठाकुर, जो मूल रूप से नाहन पंचायत के पानीपत गांव के रहने वाले हैं, ने संकल्प लिया था कि वे अपने बेटे के पहले जन्मदिन पर किसी विद्यालय के जरूरतमंद बच्चों की सहायता करेंगे। अपने इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने विद्यालय प्रभारी सुभाष शर्मा से संपर्क किया और छात्रों को शिक्षण सामग्री (रजिस्टर) प्रदान करने की इच्छा जताई। उनके इस योगदान से न केवल बच्चे उत्साहित दिखे, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सेवा का एक सकारात्मक संदेश भी गया।

उल्लेखनीय है कि राजकीय माध्यमिक पाठशाला भांभी भनोत में पहले भी कई दानवीर और महापुरुष छात्रों की सहायता के लिए आगे आते रहे हैं। विद्यालय में समय-समय पर मिलने वाले इस प्रकार के सहयोग से छात्रों के मनोबल में वृद्धि होती है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रभारी सुभाष शर्मा ने हितेश ठाकुर और उनके परिवार का तहे दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने समस्त स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) और अभिभावकों की ओर से हितेश ठाकुर के इस नेक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास अन्य लोगों को भी सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।