सिरमौर में दर्दनाक हादसा: शव यात्रा पर निकली बोलेरो ही बन गई शव वाहन, 4 की मौत, 9 घायल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के रेणुका विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। उपमंडल संगड़ाह के गतलोग के समीप मंगलवार देर रात एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित 9 लोग घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, अरलू गांव निवासी जगदीश शर्मा का संगड़ाह अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पार्थिव शरीर को पैतृक गांव अरलू ले जाया जा रहा था। इसके लिए एक पिकअप वाहन किराए पर लिया गया था, जिसमें चिनाड के समीप अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कुछ रिश्तेदार व ग्रामीण भी सवार हो गए। देर रात करीब 12:45 बजे जब वाहन संगड़ाह से अरलू की ओर जाते हुए गतलोग के पास पहुंचा, तो चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा समाई।

दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान राजेन्द्र (37), देस राज (23), रिखी राम (58) और राम गोपाल (62) के रूप में हुई है। हादसे में बृज मोहन, कृपा राम, देवेन्द्र सिंह, सुनिल शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेन्द्र और चालक कपिल देव घायल हुए हैं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों में से कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को डॉ. वाई.एस. परमार गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया है, जहां से एक अति-गंभीर घायल को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है। अन्य घायलों का इलाज संगड़ाह अस्पताल में जारी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम सीएचसी संगड़ाह में करवाया जा रहा है

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर मुस्तैद है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।