नाहन : जिला सिरमौर पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट नाहन ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब क्षेत्र में बाइक सवार एक तस्कर को 3.12 ग्राम अवैध मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बीते कल एसआईयू नाहन की पुलिस टीम नशे के कारोबार की रोकथाम के लिए पांवटा साहिब क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि भगत सिंह उर्फ अमन (मूल निवासी गांव हरेवा, तहसील छछरोली, जिला यमुनानगर, हरियाणा; हाल निवासी गांव फूलपुर, डाकघर शिवपुर, तहसील पांवटा साहिब, सिरमौर) काफी समय से अपनी बाइक (नंबर PB70 F 0584, CT 100) पर पांवटा साहिब और आसपास के इलाकों में चिट्टा व स्मैक बेचने का धंधा करता है।

सूचना में बताया गया कि आरोपी आज भी अपनी बाइक पर कुलहाल स्थित यमुना पुल बैरियर के पास राम मंदिर के गेट के सामने खड़ा है और नशे की सप्लाई देने की फिराक में है। प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआईयू की टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति की बाइक और तलाशी ली, जिसके कब्जे से कुल 3.12 ग्राम अवैध चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस ने मादक पदार्थ और बाइक को तुरंत अपने कब्जे में लेकर आरोपी भगत सिंह उर्फ अमन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था।