सिरमौर में पुजारी पर दलित व्यक्ति से मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, जांच शुरू

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के तहत पच्छाद उपमंडल के अंतर्गत पड़ने वाले मेहली गांव में 29 अगस्त को जल शक्ति विभाग के कार्य के दौरान एक विवाद सामने आया है। पीड़ित ग्रामीण बाला राम (निवासी मेहली) का आरोप है कि काम के दौरान स्थानीय मंदिर के पुजारी ने उनके साथ कहासुनी के बाद मारपीट की, डंडे से सिर पर वार कर चोट पहुंचाई और इस दौरान कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग भी किया।

पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पच्छाद पुलिस थाना में कानूनी मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों, साक्ष्यों और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घटना की असली वजहों, हमले की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक सत्यता पुलिस की पूरी जांच और छानबीन के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

इस घटना को लेकर दलित शोषण मुक्ति मंच ने पुलिस द्वारा तुरंत एफआईआर दर्ज करने के कदम की सराहना की है। मंच के संयोजक आशीष कुमार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जानी चाहिए। मंच का कहना है कि जांच प्रक्रिया के दौरान मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मौके से जुड़े तमाम साक्ष्यों का निष्पक्षता से विश्लेषण होना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम समेत संबंधित कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए। इसके साथ ही मंच ने पीड़ित बाला राम और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से मांग की है कि उन पर किसी भी तरह का दबाव, भय या धमकी का माहौल न बने और आवश्यकतानुसार उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।