नाहन : पांवटा साहिब से बकरास वाया संगड़ाह रूट पर चलने वाली चौहान ट्रेवल्स (HP71 1492) की बस आज एक बहुत बड़े और खौफनाक हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। हलां गाँव के पास खड़ी चढ़ाई और भारी कीचड़ के बीच अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया, जिससे बस में सवार करीब 50 यात्रियों की सांसें अटक गईं। लेकिन ड्राइवर के अदम्य साहस और सूझबूझ ने आज एक बहुत बड़े सामूहिक हादसे को टलने दिया और सभी सवारियों को सुरक्षित बचा लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, चौहान ट्रेवल्स की यह बस पांवटा से बकरास जा रही थी। जैसे ही बस हलां गांव के पास पहुँची, तो वहाँ एक तो खड़ी चढ़ाई थी और ऊपर से सड़क पर भारी कीचड़ और फिसलन थी। बस अभी महज़ 50 मीटर की दूरी ही चढ़ पाई थी कि अत्यधिक दबाव के कारण अचानक गाड़ी का प्रेशर पाइप फट गया।

प्रेशर लीक होते ही बस के ब्रेक पूरी तरह फेल हो गए और वह अनियंत्रित होकर खड़ी चढ़ाई से पीछे (बैक) की ओर दौड़ने लगी। भारी कीचड़ के कारण बस टायर की ग्रिप भी खो चुकी थी। देखते ही देखते बस करीब 20 मीटर तक तेज रफ्तार में पीछे आ गई। बस के भीतर बैठी सभी सवारियों में चीख-पुकार मच गई और ऐसा लगा कि बस सीधे गहरी खाई में समा जाएगी।
ऐसी विपरीत और खौफनाक स्थिति में भी चौहान बस के ड्राइवर ने गजब का हौसला दिखाया। जब मौत तेजी से पीछे की तरफ आ रही थी, तब ड्राइवर ने सूझबूझ से काम लेते हुए बस को पीछे की ओर ही एक कटान (पहाड़ी हिस्से) की तरफ काट दिया। ड्राइवर के इस सटीक और त्वरित फैसले के कारण बस पहाड़ी से टकराकर वहीं रुक गई।
यह सिर्फ और सिर्फ ऊपर वाले का आशीर्वाद और ड्राइवर की जांबाजी थी कि इतना डरावना मंजर होने के बाद भी सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को खरोंच तक नहीं आई है। क्षेत्र के लोग और बस में सवार सभी यात्री चौहान बस के इस जांबाज ड्राइवर की समझदारी और हिम्मत को दिल से सलाम कर रहे हैं।