सिरमौर: IIM छात्र की संदिग्ध मौत पर एक्शन, SP ने SIT गठित की, साइबर सेल भी करेगा जांच

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : आईआईएम सिरमौर के धौलाकुआं परिसर में बीएमएस (BMS) तृतीय वर्ष के छात्र प्रभात शुक्ला की संदिग्ध मृत्यु के मामले में सिरमौर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विशेष जांच दल का गठन किया है। मृतक छात्र के पिता अनुपम शुक्ला की शिकायत पर पुलिस थाना माजरा में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 125 और 106(1) के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है।

शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बेटे की संदिग्ध मृत्यु के संदर्भ में संस्थान प्रबंधन और सहपाठियों पर गंभीर लापरवाही, महत्वपूर्ण सूचनाएं छुपाने, अपर्याप्त निगरानी, मानसिक उत्पीड़न और धमकाने के सीधे आरोप लगाए हैं। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारी की देखरेख में एसआईटी बनाने की मांग की थी।

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने तुरंत प्रभाव से 7 सदस्यीय एसआईटी का गठन कर दिया है। इस टीम के अध्यक्ष एसडीपीओ पांवटा साहिब मानवेन्द्र ठाकुर (HPS) होंगे। टीम के अन्य सदस्यों में माजरा थाने के एसएचओ एसआई कुलदीप सिंह, जांच अधिकारी एएसआई आशीष कुमार, एचसी इन्द्रजीत, नाहन साइबर सेल के प्रभारी एचसी रोहित, एचसी कमाल खान तथा आरक्षी अशोक कुमार को शामिल किया गया है।

एसआईटी को निर्देश दिए गए हैं कि वे मामले की वैज्ञानिक, निष्पक्ष और गहनता से जांच करें। पुलिस के अनुसार, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और संस्थान प्रबंधन के रवैये की भी सूक्ष्मता से जांच की जाएगी। इसके साथ ही साइबर सेल के जुड़ने से छात्र के डिजिटल उपकरणों, जैसे मोबाइल और लैपटॉप, की फोरेंसिक जांच में तेजी आएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।