सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में आयोजित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय टेबल टेनिस (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता आज हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गई। इन दो दिनों में चले रोमांचक और कड़े मुकाबलों के बीच महिला वर्ग में आरकेएमवी शिमला और पुरुष वर्ग में एचपीयू कैंपस की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 26 महाविद्यालयों से आए 150 से अधिक छात्र-खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में राजकीय महाविद्यालय ठियोग के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण उसमें सच्ची खेल भावना, अनुशासन और उत्साह के साथ भाग लेना है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रशासन और आयोजन समिति की विशेष रूप से सराहना की।
प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम में महिला वर्ग आर.के.एम.वी. शिमला ने प्रथम स्थान, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ने द्वितीय स्थान, सेंट बीड्स कॉलेज शिमला ने तृतीय स्थान पाया। पुरुष वर्ग में एचपीयू परिसर ने प्रथम स्थान, मेजबान राजकीय महाविद्यालय सोलन ने द्वितीय स्थान, राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समारोह के आरंभ में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने सभी मुख्य अतिथियों का स्वागत किया और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए पूरे स्टाफ का आभार जताया। इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय सुबाथू के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कश्यप, राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर की प्राचार्या डॉ. सुनीता गोयल, सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. जे.एस. वर्मा तथा सेवानिवृत्त योजना अधिकारी अनिल कुमार कुंडी विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. शिव लाल भारद्वाज द्वारा किया गया।
आयोजन सचिव प्रो. रवि राम ने प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए विश्वविद्यालय के ऑब्जर्वर डॉ. शशि किरण सहित विश्वविद्यालय अधिकारियों भूपेंद्र, अभय लखनपाल और अक्षिता वर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक पारंपरिक नाटी ने उपस्थित दर्शकों और खिलाड़ियों को झूमने पर मजबूर कर दिया।