नई दिल्ली: भारत और भूटान के बीच सदियों पुराने गहरे संबंधों को एक नई ऊंचाई देते हुए भूटान ने 1 नवंबर 2026 को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जांगचूब चोर्टेन समर्पित कर अपनी सद्भावना और सम्मान का संदेश दिया। इस खास मौके पर भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे और भारत की ओर से केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू मौजूद रहे।

भारत के सहयोग के प्रति जताया आभार
राजा जिग्मे ने बताया कि यह पहल भारत द्वारा जलविद्युत, बुनियादी ढांचे, व्यापार, शिक्षा, कनेक्टिविटी और विशेष रूप से महत्वाकांक्षी गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी परियोजना में दिए जा रहे निरंतर सहयोग के प्रति भूटान का आभार व्यक्त करने का एक तरीका है। गौरतलब है कि इससे पहले मार्च 2024 में पीएम मोदी को भूटान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो से भी नवाजा जा चुका है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड: 9 घंटे में 108 स्तूपों की स्थापना
इस दिन भूटान ने एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। गेलेफू स्थित माउ छू नदी के किनारे महज नौ घंटे के भीतर 108 बौद्ध स्मारकों (स्तूपों) को एक साथ स्थापित किया गया। हर स्मारक 15 मीटर ऊंचा है और एक-दूसरे से 108 मीटर की दूरी पर स्थित है। इससे 11 किलोमीटर लंबा एक भव्य स्मारकीय गलियारा तैयार हुआ है। इसी श्रृंखला का 76वां स्तूप, जांगचूब चोर्टेन 76, प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित किया गया। (‘चोर्टेन’ बौद्ध स्तूपों की पारंपरिक वास्तुकला को कहा जाता है)। यह दिन भूटान के लिए इसलिए भी खास था क्योंकि इसी दिन राजा जिग्मे के राज्याभिषेक की 18वीं वर्षगांठ भी थी।
क्या है गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी ?
यह 108 स्तूपों वाली परियोजना ‘प्रोजेक्ट 108’ का हिस्सा है, जो सीधे तौर पर भूटान के ‘गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी’ से जुड़ी है। यह दुनिया का पहला सचेतन शहर होगा:
आकार और स्थान: 2,600 वर्ग किलोमीटर में फैला यह शहर असम और पश्चिम बंगाल की सीमाओं के पास विकसित हो रहा है। थिम्पू से इसकी दूरी 240 किलोमीटर है।
कार्बन नेगेटिव: यह शहर 100% नवीकरणीय ऊर्जा पर चलेगा। यहां 60% भूमि पर जंगल होगा।
आबादी: अभी गेलेफू की आबादी 10,000 है, जिसे 2065 तक 10 लाख तक ले जाने का लक्ष्य है।
अर्थव्यवस्था: यह शहर जीडीपी से ऊपर ग्रॉस नेशनल हैप्पीनेस के दर्शन पर आधारित होगा। यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और अलग कानूनी ढांचा होगा।
भारत और भूटान के बीच पहली रेल लाइन
इस परियोजना के साथ-साथ भारत और भूटान के बीच कनेक्टिविटी को भी काफी मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में दोनों देशों के बीच पहले रेल नेटवर्क (69.04 किलोमीटर लंबे कोकराझार-गेलेफू रेल लिंक) पर काम चल रहा है। यह पूरी तरह विद्युतीकृत लाइन होगी, जो भूटान को सीधे तौर पर असम से जोड़ेगी। भविष्य में इसके गुवाहाटी, सिलीगुड़ी और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों तक जुड़ने की भी योजना है।