सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का सहज एवं सुलभ साधन हैं। डॉ. सैजल आज यहां सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में सोलन हॉकी क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ओपन राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खेल को खेल भावना से खेलने पर ही वास्तविक आनंद की अनुभूति होती है। खेलों से हमारे भीतर नेतृत्व क्षमता व टीम भावना का विकास होता है। युवाओं के मानसिक व शारीरिक विकास में भी खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। डॉ. सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार युवा प्रतिभा को निखारने के लिए सतत प्रयत्नशील है। इस दिशा में योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज के दिवस को भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हॉकी के विश्व प्रसिद्ध खिलाड़ी स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की स्मृति में यह दिवस आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद को हॉकी का जादूगर कहा जाता है और उनके जन्मदिवस पर हॉकी खेल प्रतियोगिता का समापन हम सभी के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि खेल और व्यायाम को प्रतिदिन नियमित समय प्रदान करने से युवाओं का पूर्ण विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को लक्ष्य प्रदान कर नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हॉकी एक ऐसा खेल है जो मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने के साथ-साथ युवाओं में अत्यन्त लोकप्रिय भी है। आयुष मंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के अनेक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय खेल प्रतियोगियातों में भाग लेकर प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने आशा जताई कि यह प्रतियोगिता हिमाचल के उभरते हुए हॉकी खिलाड़ियों को नई दिशा प्रदान करेगी।

उन्होंने हॉकी क्लब सोलन को अपनी ऐच्छिक निधि से 50 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। सोलन हॉकी क्लब के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कैप्टन एस.पी. जगोता ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए जानकारी दी कि इस ओपन राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में लड़कों की 09 तथा लड़कियों की 07 टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से 250 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

महिला वर्ग के हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल मैच में स्पोर्ट्स हॉस्टल माजरा ने बाला सुंदरी सिरमौर को हराकर खिताब जीता। पुरुष वर्ग में बघाट ने सिरमौर को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में पुरुष तथा महिला दोनों वर्ग में विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ-साथ 21 हजार रुपये की राशि तथा उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम में शिवालिक बाइमेटल के प्रबंध निदेशक एन.एस. घूमन ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। इससे पूर्व मुख्य अतिथि द्वारा स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर पुष्पाजंलि अर्पित की गई। इस अवसर पर चीफ पैटर्न हॉकी क्लब सोलन विनोद गुप्ता, हॉकी क्लब सोलन के उप प्रधान उमेश शर्मा, वित्त सचिव पंकज गुप्ता, सचिव शीला कौशल, उप सचिव पूजा हांडा, मुकेश गुप्ता, सोलन हॉकी संघ के सदस्यों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version