स्पीति के रंगरिक में सीएम ने किया छात्राओं के लिए 2 करोड़ के नए हॉस्टल का ऐलान

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्पीति घाटी के रंगरिक गांव में रात बिताकर लोगों की समस्याएं करीब से जानी हैं। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत अपने इस दौरे में उन्होंने कई बड़े फैसले लिए और अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

मंजुश्री में स्थानीय लोगों से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने रंगरिक के स्वास्थ्य उपकेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र यानी पीएचसी में अपग्रेड करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दूरदराज के गांवों में रात बिताने का उनका मुख्य मकसद जमीनी हकीकत को समझना है, ताकि लोगों की असली जरूरतों को राज्य के बजट का हिस्सा बनाया जा सके।

अपने रंगरिक प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासी सोनम फुंसुक के घर पर रात गुजारी। वहां उनका स्पीति के पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया और उन्हें खास स्थानीय व्यंजन परोसे गए।

इस दौरे के बीच मुख्यमंत्री अचानक रंगरिक के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के बालिका छात्रावास पहुंच गए। उन्होंने वहां रह रही छात्राओं के साथ बैठकर उनकी परेशानियां सुनीं। छात्राओं की जरूरत को समझते हुए सीएम ने तुरंत एक नए बालिका छात्रावास के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने का ऐलान कर दिया।

इसके साथ ही उन्होंने छात्राओं को यह भरोसा भी दिया कि हॉस्टल की चारदीवारी का निर्माण जल्द शुरू होगा। वहां दो मल्टी टास्क वर्कर और एक महिला वार्डन की नियुक्ति भी की जाएगी और पानी की किल्लत को हमेशा के लिए दूर किया जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने की स्थित वृद्धाश्रम का दौरा किया। वहां उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उन्हें मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के इस पूरे दौरे में स्थानीय विधायक अनुराधा राणा भी उनके साथ मौजूद रहीं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।