सोलन: हिमाचल में कवि सम्मेलन की बुलंद आवाज हेतराम पहाड़िया का 100 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे सिरमौर जिला के राजगढ़ उपमंडल के पंचड़/पितली गांव के निवासी थे। बता दें कि इनको पहाड़िया का खिताब, प्रथम मुख्यमंत्री डॉ यशवंत सिंह परमार ने दिया था। ये महान स्वतंत्रता सेनानी वैद्य सूरतसिंह जी के उप वैद्य रह चुके हैं जहां से उन्होंने आयुर्वेदिक उपचार विधा प्राप्त की थी।

पझौता आंदोलन के इतिहास के मर्मज्ञ, प्रसिद्ध शायर, जिंदादिल इंसान और शतकवीर हेतराम पहाड़िया के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपने पीछे अपनी दिव्य अनुभूति, जिंदादिली, मस्तमौलापन, सामाजिक समरसता, देशभक्ति और विलक्षण प्रतिभा की अनमोल यादें छोड़ गए हैं। उनके निधन को समाज, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया गया है।
व्यक्तित्व और साहित्यिक योगदान
स्वर्गीय हेतराम पहाड़िया हर बात में शेरो-शायरी का अनूठा समावेश करते थे। माहौल चाहे दुखभरा हो या गमगीन, वे अपनी हास्य कला और जिंदादिली से पूरे परिवेश को रंगीन बना देते थे। पझौता स्वतंत्रता सेनानियों के नायक श्रद्धेय वैद्य सूरत सिंह के साथ उनका सान्निध्य ताउम्र रहा, जिसके चलते उन्होंने पझौता आंदोलन के कई अनछुए पहलुओं को प्रमाण सहित बहुत संजीदगी से लिखा और मंचों पर साझा किया। उनकी कविताओं और गजलों में देशप्रेम, मानवीय संवेदनाएं और समाज का यथार्थ स्पष्ट झलकता था। मुशायरों में उनकी प्रस्तुतियों पर श्रोताओं द्वारा हमेशा ‘वंस मोर’ की फरमाइश की जाती थी।
हेतराम पहाड़िया के निधन पर सिरमौर कल्याण मंच के प्रधान प्रदीप ममगाईं, महासचिव यशपाल कपूर, मियां प्रेम सिंह, बलदेव चौहान, डॉ. एस.एस. परमार, एडवोकेट गगन चौहान, अमरीश शर्मा, नवीन निश्चल शर्मा, महेंद्र गौतम, राजेंद्र शर्मा, अजय कंवर, एल.आर. दहिया, वरुण चौहान, डॉ. डी.पी. शर्मा, कंवर वीरेंद्र सिंह, अशोक चौहान, नरेंद्र चौहान, रमेश शर्मा, डॉ. एस.एल. वर्मा, डॉ. लोकेश ममगाईं, डॉ. रामगोपाल शर्मा, पदम पुंडीर, के.आर. कश्यप, विपुल कश्यप, बाबू राम शर्मा, टी.आर. राणा, आर.के. गुरंग, शिव प्रसाद, दर्शन सिंह पुंडीर, पी.डी. भारद्वाज, सुखदर्शन ठाकुर, कविराज चौहान, जय ठाकुर, जयचंद शर्मा, सत्यपाल ठाकुर, रामदयाल चौहान, एडवोकेट प्रदीप कंवर, अरुण भारद्वाज, पंकज कश्यप, उमेश कमल, कुलदीप सूर्या, रमेश मेहता, विनय भगनाल, कमल सिंह कमल, संदीप शर्मा, जय प्रकाश चौहान, बृजमोहन चौहान, जोगिंद्र सिंह चौहान, मनोज पुंडीर, हरिंद्र सिंह ठाकुर, सुभाष अत्रि, शमशेर ठाकुर सहित समस्त सदस्यों ने गहरा शोक प्रकट किया है।
समस्त गणमान्य लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और ईश्वर से उन्हें इस दुख को सहन करने का संबल प्रदान करने की कामना की है।