ऊना: हिमाचल प्रदेश भाजपा के जाने माने नेता तथा पूर्व में हिमाचल के मंत्री रहे प्रवीण शर्मा का आज सुबह निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। आज प्रातः उन्होंने अपने निवास स्थान अम्ब में अंतिम सांस ली। आज दोपहर 2:00 बजे उनका अंतिम संस्कार अम्ब में ही किया जाएगा।

पूर्व की धूमल सरकार में मंत्री रहे 65 वर्षीय प्रवीण शर्मा के निधन का समाचार सुनते ही हिमाचल प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। धूमल सरकार में वर्ष 1998 से 2003 तक वह खेल और आबकारी एवं कराधान मंत्री रहे और वे प्रो. प्रेम कुमार धूमल के हनुमान के रूप में भी जाने जाते थे । प्रवीण शर्मा अनुराग ठाकुर के संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रभारी भी रहे, अनुराग को विजयी बनाने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहता था। वर्त्तमान जयराम ठाकुर की सरकार में भी प्रवीण शर्मा हिमुडा के उपाध्यक्ष का पद संभाल रहे थे।

मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर सहित सभी नेताओं ने प्रवीण शर्मा के निधन गहरा दुःख व्यक्त किया है और शोक संदेश दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रवीण शर्मा के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। उन्‍होंने सदा समर्पण भाव से अपनी भूमिका निभाई, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। भाजपा परिवार में उनकी कमी हमेशा खलेगी। ईश्‍वर दिवंगत आत्‍मा को अपने चरणों में स्‍थान दें व शोकग्रस्‍त परिवार और समर्थकों को संबल प्रदान करें।

अनुराग ठाकुर ने भी अपने शोक संदेश में कहा कि हिमाचल प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष, शहरी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री, भाजपा के समर्पित एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता, सर्वप्रिय नेता श्री प्रवीण शर्मा जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है।
प्रवीण जी हिमाचल में राजनीति के वो वटवृक्ष थे जिनके तले अनेक नेताओं को फलने फूलने का अवसर मिला। उनकी सौम्यता, वाकपटुता और अपनत्व का ऐसा असर था कि खुद आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने मन की बात कार्यक्रम में “ मूँछों वाले प्रवीण जी” से सम्बोधित कर उनके साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया।
उनका मार्गदर्शन हम सभी के लिए अमूल्य था। उनका जाना मेरी और भाजपा के अनेकों कार्यकर्ताओं की निजी क्षति है। ईश्वर शोकाकुल परिवार और समर्थकों को यह दारुण दुःख सहने की शक्ति, उन्हें सम्बल और प्रवीण जी की दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version