नाहन : हिमाचल प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण ऑनलाइन सेवा पोर्टल ‘हिमसेवा’ के पिछले तीन-चार दिनों से बार-बार ठप होने के कारण पूरे प्रदेश में हाहाकार मचा हुआ है। राज्य भर के लोक मित्र केंद्रों (CSC) पर कामकाज पूरी तरह से ठप पड़ गया है। पोर्टल के सुचारू रूप से न चलने के कारण चरित्र प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, ओबीसी , हिमाचली बोनाफाइड और अन्य आवश्यक दस्तावेज बनने की प्रक्रिया थम सी गई है। वेबसाइट का कभी अचानक चालू होना और फिर घंटों बंद हो जाना लोगों के लिए भारी मुसीबत का सबब बन गया है।
यह समस्या केवल किसी एक जिले या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश में लोक मित्र केंद्रों पर यही स्थिति बनी हुई है। केंद्रों पर सुबह से ही प्रमाण पत्र बनवाने वालों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

लोक मित्र केंद्र संचालकों का कहना है कि जब वे ग्राहक का फॉर्म भरने बैठते हैं, तो सर्वर क्रैश हो जाता है या फिर पेमेंट प्रक्रिया के दौरान सिस्टम अटक जाता है। इससे न केवल आवेदकों का डेटा आधा-अधूरा रह जाता है, बल्कि संचालकों और ग्राहकों दोनों का घंटों समय बर्बाद हो रहा है। दिनभर इंतजार करने के बाद भी जब काम नहीं होता, तो केंद्रों पर आए दिन बहसबाजी की नौबत आ रही है। संचालकों का कहना है कि सर्वर डाउन होने से उनकी रोजमर्रा की रोजी-रोटी भी प्रभावित हो रही है
सबसे ज्यादा परेशानी उन युवाओं और छात्रों को उठानी पड़ रही है, जिन्होंने विभिन्न सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन करना है या कॉलेज-स्कूलों में दाखिला लेना है। कई भर्तियों और शैक्षणिक दाखिलों की अंतिम तिथियां बिल्कुल नजदीक हैं, लेकिन चरित्र व ओबीसी प्रमाण पत्र समय पर न मिलने के कारण अभ्यर्थियों को अपने भविष्य की चिंता सताने लगी है। पेंशन व अन्य सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भी अपने कागजात समय पर न बन पाने से परेशान होकर एक केंद्र से दूसरे केंद्र के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
वहीं, इस पूरे मामले पर जब ई-डिस्ट्रिक्ट विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने स्थिति स्पष्ट की। अधिकारियों ने बताया कि हिमसेवा पोर्टल के अपने सॉफ्टवेयर में कोई तकनीकी खराबी नहीं है। यह दिक्कत बैकएंड नेटवर्क कनेक्टिविटी से जुड़ी हुई है। समस्या के स्थाई समाधान के लिए NKN (नेशनल नॉलेज नेटवर्क – NIC दिल्ली) को औपचारिक अनुरोध भेज दिया गया है। मामला विभाग के पूर्ण संज्ञान में है और दिल्ली स्तर पर तकनीकी टीम द्वारा इसे ठीक किया जा रहा है। जल्द ही नेटवर्क कनेक्टिविटी बहाल कर दी जाएगी, जिसके बाद पोर्टल सामान्य रूप से काम करने लगेगा।
अधिकारियों ने आम जनता व लोक मित्र केंद्र संचालकों से थोड़ा धैर्य बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि इस तकनीकी समस्या को बहुत जल्द दुरुस्त कर लिया जाएगा।