हिमाचल वन मित्र यूनियन ने भरी हुंकार; उद्योग मंत्री से मिलकर पॉलिसी बनाने की उठाई मांग

नाहन : हिमाचल प्रदेश वन मित्र यूनियन ने प्रदेश सरकार के समक्ष अपनी सेवाओं को नियमित करने के लिए स्थायी पॉलिसी बनाने की मांग उठाई है। आज नाहन के चौगान में हिमाचल दिवस समारोह के बाद वन मित्र यूनियन के प्रतिनिधिमंडल, जिसमें अजराम खान, अरमान, इशांक, ट्विंकल, शराफत अली, सुभाष और अनीश शामिल थे, ने उद्योग मंत्री से भेंट की।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री महोदय को अवगत कराया कि वर्ष 2025 में वर्तमान सरकार द्वारा भर्ती किए गए 2061 वन मित्र वर्तमान में अस्थायी आधार पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वन मित्रों का कहना है कि नौकरी स्थायी न होने और भविष्य की स्पष्ट नीति न होने के कारण कर्मचारियों में असुरक्षा का भाव पैदा हो रहा है। अजराम खान, अरमान और इशांक ने जोर देकर कहा कि नियमित पॉलिसी न होने से कर्मचारियों का मनोबल टूट रहा है।

यूनियन के सदस्यों ट्विंकल, शराफत अली, सुभाष और अनीश ने मांग की है कि सरकार जल्द ही वन मित्रों के लिए एक स्पष्ट नियमितिकरण पॉलिसी तैयार करे और यह सुनिश्चित किया जाए कि कितने वर्षों की सेवा के बाद उन्हें नियमित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे वनों की सुरक्षा, वनाग्नि से बचाव और पौधारोपण जैसे कार्यों को पूरी निष्ठा से कर रहे हैं, ऐसे में सरकार को उनके भविष्य पर ध्यान देना चाहिए।

उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने वन मित्रों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी समस्याओं और मांग पत्र पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।