23 सितंबर को सिरमौर दौरे पर CM सुक्खू, कई विकास योजनाओं की देंगे सौगात

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू आगामी 23 सितंबर को सिरमौर जिला के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण विकासात्मक योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर और जन-सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम होगा।

दौरे की शुरुआत में मुख्यमंत्री श्री रेणुकाजी तहसील के माईना बाग पहुँचेंगे, जहाँ वे पूर्व विधायक स्वर्गीय डॉ. प्रेम सिंह की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री माईना बाग में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।

प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए कई बड़ी परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें चाड़ना घाटी-लोधिया सड़क मार्ग, ददाहू-बिरला सड़क, नौहराधार में नए बस स्टैंड और तहसील कार्यालय भवन के निर्माण कार्य शामिल हैं।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री जन-सुविधाओं से जुड़ी कई तैयार परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। वे नौहराधार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और नौहराधार-चूड़धार सड़क मार्ग का उद्घाटन कर जनता को समर्पित करेंगे। पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए चाड़ना-गुड़गधार सड़क, चाड़ना तथा ग्राम पंचायत चाड़ना के अन्य ग्रामीणों के लिए उठाऊ जल आपूर्ति योजना और ग्राम पंचायत सांगना सताहन के गांवों के लिए सामूहिक जल आपूर्ति योजना का भी उद्घाटन किया जाएगा। इस प्रवास के अवसर पर मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।