नाहन से विश्व मंच तक: अभय गुप्ता की मुदितम आयुर्वेदा ने स्टार्टअप महाकुंभ 2025 में मचाई धूम

नाहन : नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित स्टार्टअप महाकुंभ 2025 में हॉल 6 के बूथ नंबर 446 पर ‘मुदितम आयुर्वेदा प्राइवेट लिमिटेड’ ने अपने अनूठे आयुर्वेदिक उत्पादों और सेवाओं से सभी का ध्यान आकर्षित किया। मधुमेह जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए आयुर्वेदिक सप्लीमेंट्स, जीवनशैली में बदलाव और आहार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करने वाली इस कंपनी ने अपनी 120 साल पुरानी पारिवारिक विरासत को आधुनिक ब्रांड के रूप में पेश कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

कंपनी के संस्थापक अभय गुप्ता, जो नाहन स्थित ‘नवल किशोर एंड सन्स (पंसारी)’ के असित कांत गुप्ता के पुत्र हैं, ने अपने परिवार की आयुर्वेदिक ज्ञान की समृद्ध परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। स्टार्टअप महाकुंभ के इस भव्य मंच पर उनकी मेहनत और नवाचार को न केवल आगंतुकों ने सराहा, बल्कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भी उनकी प्रशंसा की। अभय गुप्ता और पीयूष गोयल के बीच हुई मुलाकात में मंत्री ने मुदितम आयुर्वेदा के मधुमेह के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को “प्रेरणादायक” करार दिया और कंपनी के भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुदितम आयुर्वेदा ने अब तक पूरे भारत में 30,000 से अधिक मधुमेह रोगियों के जीवन को बेहतर बनाया है। आयुर्वेद के प्राचीन विज्ञान और आधुनिक जीवनशैली के संयोजन से तैयार की गई उनकी सेवाएं मरीजों के बीच बेहद लोकप्रिय हो रही हैं। अब कंपनी की नजर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर है, जहां वे अपनी इस अनूठी पहल को वैश्विक स्तर पर ले जाना चाहते हैं। स्टार्टअप महाकुंभ 2025 में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के विशेष संबोधन ने भी इस आयोजन को और यादगार बना दिया।

मुदितम आयुर्वेदा की यह सफलता न केवल स्टार्टअप्स के लिए एक प्रेरणा है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि भारत की प्राचीन विरासत को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़कर विश्व स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed