शिमला: स्वस्थ रहो, स्वस्थ रखो, रक्तदान महादान के प्रेरणादायक नारों के साथ शिमला विश्वविद्यालय (APG) का परिसर मंगलवार को सेवा और समर्पण का केंद्र बन गया। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ फार्मेसी और स्कूल ऑफ अलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल स्वास्थ्य जांच (मेगा हेल्थ चेकअप) और रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।

सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में विश्वविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साह दिखाया। अतुल्य हेल्थकेयर (Atulaya Healthcare) द्वारा प्रदान की गई सेवाओं के तहत अत्याधुनिक मशीनों से ब्लड टेस्ट, बीपी, शुगर और अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को उनकी रिपोर्ट के आधार पर उचित परामर्श भी दिया। कमला नेहरू अस्पताल (KNH) शिमला की विशेषज्ञ टीम द्वारा संचालित इस शिविर में 45 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रोटरी क्लब शिमला ने इस नेक कार्य में प्रायोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि रक्तदान करने से शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि इससे शरीर में नए रक्त का निर्माण होता है और व्यक्ति अधिक ऊर्जावान महसूस करता है। एकत्रित किया गया यह रक्त दुर्घटना, सर्जरी और थैलेसीमिया जैसी स्थितियों में मरीजों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होगा।
शिमला विश्वविद्यालय (APG) के इस आयोजन ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश की है। शिविर में आए लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निःशुल्क जांच और विशेषज्ञ सलाह विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हुई है। यह आयोजन समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।