BJP अध्यक्ष नड्डा ने आज किन्नौर, रामपुर और शिमला में जनसभाएं की

शिमला: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज हिमाचल के किन्नौर, रामपुर और शिमला में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकाल में देश में हुए जनकल्याणकारी और विकास कार्यों का उल्लेख किया। जगत प्रकाश नड्डा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। इस कार्यक्रम के दौरान मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव विंदल, राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता सूरत नेगी, किन्नौर जिलाध्यक्ष यशवंत नेगी सहित पार्टी के अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

nadda bjp

नड्डा ने कहा कि जनता के उत्साह एवं ऊर्जा को देखकर यह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हिमाचल की जनता ने तीसरी बार देश की बागडोर सौंपने का निर्णय ले लिया है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में राजनैतिक संवाद और राजनैतिक विषय को बदल दिया है। 10 वर्ष पहले भारत भ्रष्टाचार में लिप्त था और लोगों के मन में आता था, कि भारत एक भ्रष्टाचारी देश बन गया है। आए दिन भ्रष्टाचार के किस्से सुनने को मिलते थे। साधारण व्यक्ति ने यह मान लिया था कि देश में कुछ बदलने वाला नहीं है लेकिन नरेन्द्र मोदी ने लोगों के मन में ये विश्वास दिलाया कि देश बदल सकता है।

1 जून को जब हिमाचल की जनता कमल का बटन दबाएगी, तो विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए दबाएगी। आज देश की राजनीति का चरित्र, परिभाषा, संस्कृति और कार्य करने का ढंग बदल चुका है। पहले जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर वोट मांगे जाते थे लेकिन आज नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकासवाद और रिपोर्टकार्ड की राजनीति हो रही है। आज भारत तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।