नाहन: कार्मेल कान्वेंट स्कूल के छात्रों ने किया बिरोजा फैक्ट्री का शैक्षणिक भ्रमण

नाहन : कार्मेल कान्वेंट स्कूल, नाहन की कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने आज इको क्लब के अंतर्गत एक शैक्षणिक भ्रमण के तहत बिरोजा फैक्ट्री का दौरा किया। इस अवसर पर छात्रों को चीड़ के पेड़, उससे प्राप्त होने वाले उत्पादों और पर्यावरण पर इसके प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई।

फैक्ट्री की केमिस्ट शर्मिला ने विद्यार्थियों को बताया कि फैक्ट्री में विभिन्न श्रेणियों के उत्पाद जैसे बिरोजा, टर्पेन्टाइन ऑयल आदि कैसे बनाए जाते हैं तथा इनका विपणन कैसे किया जाता है। उन्होंने चीड़ के वृक्षों से प्राप्त होने वाले फायदों और पर्यावरण पर संभावित हानियों की भी जानकारी दी।

वहीं फैक्ट्री के जनरल मैनेजर वेद प्रकाश ने बच्चों से फैक्ट्री से जुड़े कई प्रश्न पूछे जिनका बच्चों ने आत्मविश्वास से उत्तर दिया। वेद प्रकाश ने बच्चों के ज्ञान की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय की प्रधानाचार्य सिस्टर उदय, शारीरिक शिक्षक गुलशन अहमद और गणित की अध्यापिका अनुपमां सेमवाल ने बच्चों को इको क्लब के महत्व और कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने वृक्षारोपण के लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और इनके अभाव में हमें गंभीर पर्यावरणीय समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

यह भ्रमण न केवल विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ, बल्कि उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी एक नई सोच विकसित की।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।