सोलन: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल (KIPS), सनवारा में चल रही 5 दिवसीय सीबीएसई नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026 में देश-विदेश की टीमें अपना दमखम दिखा रही हैं। 30 अक्टूबर से शुरू हुए इस राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में 60 भारतीय और 10 विदेशी टीमें हिस्सा ले रही हैं।
मेजबान KIPS सनवारा की अंडर-17 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट पॉल पब्लिक स्कूल, देवरिया उत्तर प्रदेश को एकतरफा मुकाबले में हरा दिया। दबाव के बावजूद टीम ने बेहतरीन तालमेल, शानदार आक्रमण और अनुशासन का परिचय देते हुए यह जीत हासिल की। कोच जगदीश ने टीम की जमकर तारीफ की। वहीं, विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, सीईओ डॉ. संजीव मैनरा और प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर ने इस जीत का श्रेय टीम के सामूहिक प्रयास और मेहनत को दिया।

अंडर-19 श्रेणी में विद्या वर्ल्ड स्कूल ने विदेशी टीम डी.पी.एस. इंडियन स्कूल दोहा, कतर को पराजित किया। जबकि यू.पी.एस.सी. जैन पब्लिक स्कूल ने श्री वसिष्ठ विद्यालय को हराया।
अंडर-17 श्रेणी में वेदव्यास सैनिक स्कूल ने पी.पी. सावनी चैतन्य विद्या संकुल को मात दी। एम.आर. सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने सेंट्रल एकेडमी (रीवा) को शिकस्त दी। वहीं श्री विद्या निकेतन इंटरनेशनल स्कूल (तिरुपति) ने कोचीन रिफाइनरी स्कूल को हराया।
अंडर-14 श्रेणी में वसिष्ठ जेंसीज़ स्कूल (बरदोली) ने कालीधर नेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल (पटियाला) को पराजित किया। जबकि डी.एन. चोपटा स्कूल ने गुरु अमरदास पब्लिक स्कूल (कपूरथला) को हराया। वहीं चांदनी पब्लिक स्कूल गाजीपुर ने महर्षि विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल को मात दी।
अब तक के सभी मैच सीबीएसई के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक पुष्कर वोहरा और तकनीकी प्रतिनिधि अभिषेक उपाध्याय की देखरेख में सफलतापूर्वक खेले गए हैं। सीईओ डॉ. संजीव मैनरा ने बताया कि बाहर से आई सभी टीमें विद्यालय की व्यवस्थाओं की तारीफ कर रही हैं।
प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर और प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर ने हारने वाली टीमों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस रोमांचक टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला और भव्य समापन समारोह 3 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।