CBSE नेशनल वॉलीबॉल के दूसरे दिन भी KIPS का जलवा, मेज़बान टीम ने विदेशी टीम को दी मात

सोलन: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल (KIPS), सनवारा में चल रहे प्रतिष्ठित सीबीएसई नेशनल वॉलीबॉल बॉयज टूर्नामेंट के दूसरे दिन भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। आज खेले गए अंडर-19 श्रेणी के एक बेहद अहम मुकाबले में मेज़बान किप्स की टीम ने विदेशी टीम वाइज़ इंडियन एकेडमी स्कूल अजमान को हराकर शानदार जीत दर्ज की।

30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चलने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में देश भर की 60 और 10 विदेशी टीमों के बीच खिताबी जंग जारी है।

दूसरे दिन के प्रमुख परिणाम

अंडर-14 वर्ग: इस श्रेणी में डी.एन. चोपटा, एच.डी. पब्लिक स्कूल, गुरु अमरदास पब्लिक स्कूल कपूरथला, एम.एल. खन्ना डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, संजीवनी इंटरनेशनल स्कूल राजस्थान और विदेशी टीम इंडियन स्कूल मस्कट ओमान ने अपने-अपने मुकाबले जीते।

अंडर-17 वर्ग: सेंट्रल एकेडमी रीवा ने वेदव्यास सैनिक स्कूल को, वेलम्माल विद्यालय ने संजीवनी पब्लिक स्कूल को और सेंट पॉल पब्लिक स्कूल देवरिया ने कोचीन रिफाइनरी स्कूल को करारी शिकस्त दी। वहीं, शाह सतनाम जी सिरसा ने विदेशी टीम शारजाह इंडियन स्कूल को पराजित किया। इसके अलावा, डी.एन. चोपटा और एम.आर. सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने भी जीत हासिल की।

अंडर-19 वर्ग: मेज़बान टीम के अलावा, राहुल इंटरनेशनल स्कूल, एनी बेसेंट स्कूल और डी.एन. चोपटा स्कूल ने भी अपने मैचों में जीत दर्ज की।

विदेशी टीमों ने बढ़ाया रोमांच

विद्यालय के सीईओ डॉ. संजीव मैनरा ने बताया कि दूसरे दिन भी सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना और बेहतरीन अनुशासन का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि विदेशी टीमों के शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया है। वहीं, प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर ने जोर देते हुए कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर ने बताया कि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सभी मैचों का लाइव प्रसारण किया जा रहा है, ताकि अभिभावक और खेल प्रेमी घर बैठे मुकाबलों का आनंद ले सकें। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला और समापन समारोह 3 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।

Photo of author

संजीव अवस्थी

समाचार रिपोर्टिंग में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिमाचल प्रदेश के कुछ सबसे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्रों में व्यापक योगदान दिया है। पिछले कई वर्षों से, विभिन्न ऑनलाइन समाचार प्लेटफार्मों के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और बदलते डिजिटल मीडिया परिदृश्य के साथ तालमेल बिठाते रहे हैं।