नाहन को 20 करोड़ की सौगात: सीएम सुक्खू और विधायक सोलंकी की जुगलबंदी से विकास को मिली रफ्तार

नाहन : विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई वाली हिमाचल प्रदेश सरकार ने दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं के लिए 20 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की है। इनमें बनोग-जबल बाग-कांशीवाला सड़क (8.6 किमी) का निर्माण शामिल है, जिसके लिए 12 करोड़ 36 लाख रुपए जारी किए गए हैं। यह निर्णय 4 फरवरी को हुई विधायक प्राथमिकता बैठक में लिया गया, जिसकी स्वीकृति महज एक महीने में प्रशासन ने दी। वहीं, जबल बाग-कनडईवाला-त्रिलोकपुर रोड (12 किमी) के निर्माण के लिए 8 करोड़ 19 लाख रुपए का टेंडर भी जारी कर दिया गया है।

इन परियोजनाओं से नाहन के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में मदद मिलेगी, जिससे यातायात, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, सेना को भूमि अधिग्रहण के शेष भुगतान के तौर पर 1 करोड़ 12 लाख रुपए और वन विभाग के लिए 1 करोड़ 55 लाख रुपए की राशि भी जमा करवाई गई है।

क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने इस निर्णय पर प्रसन्नता जताते हुए कहा, “कुछ लोग सोशल मीडिया पर हमारे काम को अपना बताकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश करते हैं, लेकिन मेरा फोकस सिर्फ विकास पर है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वीकृत बजट का पारदर्शी और कुशल उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। सोलंकी ने मुख्यमंत्री सुक्खू का आभार जताया और कहा, “मुख्यमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व ने क्षेत्र की दशकों पुरानी मांगों को पूरा किया है।”

सोलंकी ने बताया कि आने वाले समय में सड़कों के अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को उन्नत बनाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार जनता की सेवा में 24×7 समर्पित है। नाहन को प्रदेश का मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाना मेरा लक्ष्य है।”

इन परियोजनाओं के शुरू होने से न केवल स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि पर्यटन और कृषि क्षेत्र में भी नई संभावनाएं पैदा होंगी। सरकार का यह कदम नाहन के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित हो सकता है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।