सोलन:  संविधान दिवस के मौके पर सोलन के सीनियर सेकंडरी स्कूल डगशाई में शनिवार को स्कूली बच्चों ने संविधान की अनुपालना की शपथ ली। इस मौके पर डगशाई स्कूल की छात्रा कशिश ने स्कूली बच्चों को संविधान की अनुपालना की शपथ दिलाई, जबकि प्रिया ने संविधान दिवस के बारे में स्कूली बच्चों को जानकारी दी। प्रिया ने अपने भाषण में कहा कि 26 नवंबर का दिन देशभर में संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन संविधान राष्ट्र को समर्पित किया गया था।

इस मौके पर स्कूल की प्रवक्ता (राजनीति शास्त्र) अंजना ठाकुर ने स्कूली बच्चों को संविधान दिवस के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि  संविधान लोकतंत्र की आत्मा होती है। उन्होंने बताया कि देश में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। यह खास दिन 1949 के ऐतिहासिक दिन को दर्शाता है, जब संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था।  ठाकुर ने बताया कि भारतीय संविधान कई मायनों में विश्व के देशों के संविधान से अलग है। विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान होने का गौरव भारत को मिला है।

अंजना ठाकुर ने बताया कि हमारे संविधान को बनने में 2 साल से अधिक का समय लग गया था। भारत जब एक स्वतंत्र देश बना तो उसके बाद संविधान निर्माण का कार्य शुरू किया गया। संविधान बनाने का कार्य डॉ. बीआर अंबेडकर की अध्यक्षता में बनी संविधान सभा को सौंपा गया था। 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ था। इस मौके पर प्रवक्ता (हिन्दी) चंद्रदेव ठाकुर समेत समस्त स्टाफ और बीएड प्रशिक्षु मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version