मजदूर का बेटा दीक्षित वर्मा खेलेगा U-14 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता, सिरमौर का नाम करेगा रोशन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: कैंट हाई स्कूल की मुख्याध्यापिका सीमा ने गर्व के साथ बताया कि उनके स्कूल के 8वीं कक्षा के छात्र दीक्षित वर्मा का चयन U-14 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। सिरमौर जिले से कुल चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिसमें तीन खिलाड़ी पांवटा साहिब से हैं और दीक्षित शिलाई के उतरी गांव का निवासी है। दीक्षित के पिता मजदूरी करते हैं और उनकी माता गृहिणी हैं।

स्कूल के PET नरेश शर्मा ने बताया कि दीक्षित ने हाल ही में माजरा में आयोजित राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत उसे राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिला है। वह टीम में फॉरवर्ड के रूप में खेलता है। यह U-14 प्रतियोगिता जम्मू-कश्मीर में प्रस्तावित है, हालांकि इसकी तारीखों की घोषणा अभी नहीं हुई है।

नरेश शर्मा ने बताया कि दीक्षित न केवल खेल में उत्कृष्ट है, बल्कि पढ़ाई में भी अव्वल है। इसके अलावा, वह ढोलक बजाने, लेखन, और भाषण कला में भी निपुण है। उन्होंने बताया कि दीक्षित रोज़ सुबह 4 बजे ग्राउंड में आकर अपनी तैयारी करता है, जो उसकी कड़ी मेहनत और समर्पण को दर्शाता है।

मुख्याध्यापिका और PET नरेश शर्मा दोनों ने दीक्षित की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसे भविष्य में और ऊंचाइयों तक पहुँचने की शुभकामनाएं दीं। दीक्षित ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मुख्याध्यापिका सीमा और PET नरेश शर्मा को दिया, जिन्होंने उसकी तैयारी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।