सरकार भर रही 21 हजार पद- उद्योग मंत्री

मंडी, 26 जनवरी। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में 6 नए औद्योगिक क्षेत्र बना रही है। यह औद्योगिक क्षेत्र सोलन जिले के भंगाला व नानोवाल, कल्लू में शिलीहार, ऊना के सलूरी, हमीरपुर के जाहू और बिलासपुर के भदरोग में विकसित किए जा रहे हैं। इसके लिए 592 बीघा भूमि विभाग के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
श्री चौहान 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंडी में आयोजित जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने ऐतिहासिक सेरी मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी टुकडि़यों के मार्चपास्ट की सलामी की। उन्होंने जिलावासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उद्योग मंत्री ने अपने संबोधन में मंडी के पंडोह में औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के लिए 6 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे वहां पर इंडस्ट्रियल प्लॉट विकसित किए जाएंगे। औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने पर मंडी जिला के युवा वहां अपने छोटे छोटे उद्योग स्थापित कर सकेंगे।

mandi 5

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आज के दिन आज हमारा देश मजबूत नींव पर खड़ा है और यह नींव हमारा संविधान है। 75 वर्ष का कार्यकाल किसी भी देश के लिए बहुत लंबा कार्यकाल नहीं होता है। इन 75 वर्षों में हमने बहुत सी उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने इस मौके देश के स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं,  भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि हमारा संविधान हमारी मजबूती है। संविधान से हमें मौलिक अधिकार मिले हैं। इसमें मिले वोट के अधिकार से हम अपनी पसंद की सरकारों को चुन सकते हैं। हमारा सफल लोकतंत्र पूरे विश्व के लिए एक मिसाल है।  उद्योग मंत्री ने कहा कि सुक्खू सरकार का संकल्प प्रदेश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। अगले 4 साल में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनेगा वहीं 10 सालों में देश का सबसे समृद्ध राज्य होगा। इसी दिशा में प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। हमने जो गारंटियां लोगों को दी हैं उन्हें चरणबद्ध पूरा किया जा रहा है। सरकार ने ओपीएस बहाली के साथ 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों को बुढ़ापे की लाठी थमाई है।
प्रदेश में पिछले वर्ष आई भयंकर आपदा को भी हम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शानदार तरीके से निपटने में सफल हुए हैं। इस दौरान 50 हजार सैलानियों को सुरक्षित निकाला है। आपदा प्रभातिवों की मदद को राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रूपये का आपदा पैकेज जारी किया। आपदा राहत 7 गुना तक कई गुना तक बढ़ाई है। उन्होंने इस अवसर पर आपदा में अंशदान देने वाले दानी सज्जनों द्वारा दी गई 252 करोड़ रुपये की राहत राशि के लिए उनका धन्यवाद किया।

उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने की दिशा में कार्य कर रही है। विभिन्न विभागों में 21 हजार पद भरे जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने जन जन तक पहुंचने के उद्देश्य से सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम शुरू किया है। अनाथ बच्चों के लिए सुखाश्रय योजना शुरू की है। हर विधानसभा क्षेत्र में एक स्वास्थ्य संस्थान को आदर्श संस्थान के तौर पर स्तरोन्नत किया जा रहा है। अब तक 50 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे संस्थानों में 6-6 विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात कर दिए गए हैं।